✦ समीर गांगुली हिंदी बाल साहित्यकार

आजकल , नवंबर 2026 में प्रकाशित लेख

दुनिया के आईने में हिन्दी का बाल साहित्य

दशकों से हिन्दी बाल साहित्य के साथ बतौर लेखक जुड़े बहुत से बाल साहित्यकार यह मानते हैं कि इस समय हिन्दी में बहुत अच्छा बाल साहित्य लिखा जा रहा है।

यह एक तुलनात्मक विचार है। संभवत: यह पहले लिखे जा चुके बाल साहित्य की तुलना में या फिर अन्य भाषाओं यानी देसी और विदेशी भाषाओं में इस समय लिखे जा रहे बाल साहित्य के सापेक्ष हो सकता है। लेकिन यह मतभेद का मुद्दा है। इस विषय पर चर्चा करने से पहले आइए कुछ बुनियादी बातों पर विचार करते हैं।

आज पाठकों को हिन्दी में जो बाल साहित्य उपलब्ध हो रहा है, वह इस समय बची-खुची चार-छ: बाल साहित्य की पत्रिकाओं यथा बाल भारती, बाल किलकारी, बालवाणी, बच्‍चों का देश, देवपुत्र, प्लूटो, साइकिल, चकमक तथा निजी प्रयासों से निकाली जाने वाली पत्रिकाओं – बालवाटिका, अभिनव बालमन, बालप्रहरी आदि तथा कुछ पुस्तक प्रकाशन संस्थानों से प्रकाशित बच्चों की किताबों के जरिए सामने आ रहा है। वैसे परिमाण की दृष्टि से बात करें तो फेसबुक और व्हाट्सअप तथा अन्य ऑनलाइन पोर्टल भी भरपूर बाल साहित्य की सप्लाई कर रहे हैं।

लेकिन खेद की बात यह है कि देश में अभी तक ऐसा कोई मंच नहीं है जहां भारतीय भाषाओं में लिखे जा रहे इस दौर के बाल साहित्य पर समग्र रूप से चर्चा हो सके, जहां विभिन्न भारतीय भाषाओं के बाल साहित्यकारों को साथ मिल बैठकर यह साझा करने का मौका मिल सके कि उनकी भाषा में इस समय क्या लिखा जा रहा है, मुख्य बाल साहित्यकार कौन-कौन हैं तथा हाल ही में किन पुस्तकों ने अपनी खास उपस्थिति दर्ज की है।

इसके अभाव में हम भारत या दुनिया भर में बाल साहित्य के वर्तमान ट्रेंड को समझने से वंचित हो रहे हैं।

निजी रूचि तथा प्रयासों से हम कुछ भारतीय भाषाओं के बाल साहित्यकारों तथा उनके साहित्यिक योगदान के बारे में कुछ हद तक जान सकते हैं।

लेकिन आज उपलब्ध नेट सुविधा के माध्यम से हम समकालीन विदेशी बाल साहित्यकारों के बारे में काफी हद तक जान सकते हैं, क्योंकि उनके काम का डॉक्यूमेंटेशन हुआ है। यहां तक कि विकिपीडिया भी अनेक विदेशी बाल साहित्यकारों के बारे में उपयोगी जानकारी देता है।

इस प्रकार की जानकारी हिन्दी के बाल साहित्यकारों के सोच के दायरे को व्यापक करने में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकती है। दरअसल उनके बारे में थोड़ी सी जानकारी मिलने पर भी हमें अहसास होने लगता है कि हमारा बाल साहित्य अभी और भी बहुत कुछ सीखने -जानने की अपेक्षा रखता है। उनके विषयों, प्रस्तुति तथा प्रचार-प्रोत्साहन के स्तर में काफी व्यापकता है।

मसलन यूके या ग्रेट ब्रिटेन के बाल साहित्य के वर्तमान परिदृश्य की बात हम वहां की एक सबसे लोकप्रिय बाल साहित्य लेखिका जूलिया डोनाल्डसन के हवाले से करें तो हमें जानकारी मिलती है कि सन 1948 में लंदन में जन्मी इस लेखिका ने लेखन की शुरूआत बच्चों के टेलीविजन कार्यक्रम के लिए गीत लिखने से शुरू की।सन 1999 में प्रकाशित उनकी कृति ‘‘द ग्रफलो’’ एक चालाक चूहे की कहानी है जो जंगल के खतरनाक जानवरों से बचने के लिए अपने साथी के रूप में ‘ग्रफलो’ नाम के एक काल्पनिक मॉन्स्टर यानी दानव की कहानी गढ़ता है, लेकिन बाद में उसका सामना सचमुच एक दिन ग्रफलो से हो जाता है। कहते हैं इस किताब की करोड़ों प्रतियां बिक चुकी हैं। उनकी एक दूसरी लोकप्रिय किताब ‘‘रूम ऑन द ब्रूम’’ एक दयालु विच (डायन) और उसकी बिल्ली की कहानी है। यह विच अपने उड़न झाड़ू पर एक-एक करके कई जानवरों जैसे कि कुत्ता, चिड़िया,मेंढक की बिठाती है जो कि बाद में एक ड्रैगन का मुकाबला करने में उसकी मदद करते हैं। इसी प्रकार ‘‘ स्टिकमैन’’ एक लकड़ी के कुंदे के अपने परिवार यानी ‘‘फैमिली ट्री’’ से मिलने की यात्रा की भावुकता से भरी कहानी है।

आप अभी बस जूलिया की रचनाओं के किरदारों पर गौर कीजिए।

इसी प्रकार ग्रेट ब्रिटेन के एक दूसरे बेहद लोकप्रिय बाल साहित्यकार डेविड वॉलियम्स पेशे से एक कॉमिडियन हैं। सन 1971 में लंदन में जन्मे इस लेखक की किताबों का दुनिया की 55 से अधिक भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। 5 करोड़ से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। गैंगेस्टा ग्रैनी उनकी सबसे लोकप्रिय किताब है। वे अपनी कहानी के पात्रों को अपने आसपास से ही चुनते हैं और उनमें बहुत विविधता दिखाई देती है।

बेशक जे.के.राउलिंग के नाम व काम को कैसे अनदेखा किया जा सकता है। जिसने बाल साहित्य के महत्त्व की परिभाषा ही बदल दी। बाल साहित्य की अवधारणा को ही बदल दिया। लेकिन आज वे ब्रिटेन मात्र के बच्चों की नहीं दुनिया भर के बच्चों की प्रिय लेखिका बन चुकी हैं। और शायद ही आज दुनिया भर में हैरी पॉटर नाम से अपरिचित हो।

ब्रिटिश लेखिका जे.के. राउलिंग (जन्म 1965) का जीवन अत्यधिक गरीबी, तलाक और 12 प्रकाशकों द्वारा खारिज किए जाने के कड़े संघर्षों से गुजरा है। उन्होंने एक अकेली माँ के रूप में कैफे में बैठकर 'हैरी पॉटर' की रचना की, जो हॉगवर्ट्स के युवा जादूगर हैरी और लॉर्ड वोल्डेमॉर्ट के बीच के संघर्ष पर आधारित 7 उपन्यासों की एक जादुई श्रृंखला है। 1997 में इसके पहले प्रकाशन के बाद, इस श्रृंखला की दुनिया भर में 60 करोड़ से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं और इसका 85 भाषाओं में अनुवाद हुआ है। इस अभूतपूर्व ऐतिहासिक सफलता ने राउलिंग को दुनिया की पहली अरबपति और सबसे कामयाब लेखिका बना दिया।

हालांकि शुरूआती दौर में हिन्दी के कुछ बाल साहित्यकारों ने भी हैरी पॉटर को अपने -अपने आकलन से खारिज करने की कोशिश की। इसे अवास्तविक, अवैज्ञानिक कहा।

अमरीकी बाल साहित्य भी बहुत समृद्ध है।डेव पिल्की को इस दौर का सबसे लोकप्रिय अमरीकी बाल साहित्यकार माना जाता है। विस्मयकारी बात यह है कि ओहियो, अमेरिका में मार्च 1966 में जन्में डेव पिल्की बचपन में एडीएचडी तथा डिस्लेक्सिया से पीड़ित थे। डेव पिल्की के बाल साहित्य में कल्पनाशीलता की ऊंची उड़ान दिखाई देती है। वे बेहतरीन कॉमिक्स स्टाइल और चुटीली शैली में कहानी कहने के उस्ताद माने जाते हैं।

डॉग मैन सिरीज उनकी सबसे कामयाब पुस्तक ॠंखला मानी जाती है। इसमें एक पुलिस मैन और उसके साथी खोजी कुत्ते के दुर्घटनाग्रस्त होने पर उनके शरीर को जोड़कर ‘डॉग-मैन’ नाम का सुपरहीरो बनाया गया है। यह हीरो शहर को अपराधियों से मुक्त करता है। इसमें कुत्ते तथा मनुष्य दोनों के विशेष गुण मौजूद हैं ,लेकिन इन विषम खूबियों के कारण कभी-कभी ये सुपरहीरो ऐसी मजेदार गड़बड़ियां करते हैं कि बच्चे हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते हैं। डेव पिल्की की एक और बेहद लोकप्रिय रचना है ‘कैप्टन अंडरपैन्ट’ जो कि अब पुस्तक ॠंखला की सिरीज का रूप ले चुकी है। इस पर हॉलीवुड फिल्म तथा नेटफ्लिक्स शो भी बन चुके हैं। कहते हैं कि इस कहानी का आइडिया डेव को तब आया था जब उन्हें सजा के रूप में कक्षा के बाहर खड़ा किया जाता था। ऐसे में वे शरारत के रूप में अपने स्कूल के खड़ूस प्रिंसीपल के कार्टून बनाया करते थे। ‘कैप्टन अंडरपैन्ट्स’ जॉर्ज और हेरोल्ड नाम के दो नटखट बच्चों की कहानी है, जो गलती से अपने स्कूल के खड़ूस प्रिंसीपल मिस्टर क्रुप को हिप्नोटाइज करके एक अजीब से सुपरमैन में बदल देते हैं। हिप्नोटाइज होने पर, मिस्टर क्रुप अंडरवियर और लाल केप पहनकर शहर के दुश्मनों से लड़ने निकल पड़ते हैं। चुटकी बजाने पर वे नायक बन जाते हैं और सिर पर पानी डालने से सामान्य हो जाते हैं। दोनों बच्चे इस अजीबोगरीब नायक की मदद से अजीब और मजाकिया खलनायकों से दुनिया की रक्षा करते हैं।

इस सदी के अमेरिकी बाल साहित्यकारों का उल्‍लेख करते समय असल में सबसे पहले रिक रिऑर्डन का उल्लेख होना चाहिए। 1964 में अमेरिका में पैदा हुए तथा शिक्षक के रूप में अपने कैरियर की शुरूआत करने वाले रिक रिऑर्डन की अभूतपूर्व लोकप्रियता का मुख्य आधार उनकी आधुनिक और रोमांचक लेखन शैली है, जिसकी 19 करोड़ से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। उनकी प्रसिद्ध पुस्तकों में 'पर्सी जैक्सन एंड द ओलंपियन्स', द हीरोज ऑफ़ ओलम्पस, 'द केन क्रॉनिकल्स' और 'मैग्नस चेज' शामिल हैं। उनकी कहानियों में 'डेमी-गॉड' (अर्धदेव) की अवधारणा का आधार प्राचीन पौराणिक देवताओं और मनुष्यों के मिलन से उत्पन्‍न संतानें हैं, जिन्हें उन्होंने आज के दौर के ADHD और डिस्लेक्सिया से जूझते बच्चों के रूप में दर्शाया है। उनकी इस बेहद लोकप्रिय श्रृंखला पर फॉक्स स्टूडियो द्वारा दो सफल फिल्में—'द लाइटनिंग थीफ' (2010) और 'सी ऑफ मॉन्स्टर्स' (2013)—भी बनाई जा चुकी हैं।

बस गौर कीजिए कि दुनिया भर के बाल साहित्यकार नैतिक शिक्षा, उपदेश,ज्ञान-दान, विषय-बंधन आदि की परिधि को कब का लांघ चुके हैं। उन्हें पाठकों पर पूरा यकीन है कि वे उनकी अकल्पनीय कल्पनाओं को कौतूहल पैदा करने के माध्यम तथा अपनी तार्किकता को संवारने-तराशने के उपाय के रूप में लेंगे।

मांगा और एनीमे जैसे कहानी कहने के माध्यमों से खासतौर में चर्चा में आया जापान का बाल साहित्य भी बहुत समृद्ध है। इनके पुस्तकों की क्वॉलिटी,खासतौर से उनका कला पक्ष बहुत आकर्षक है। इस दौर में तारो गोमी को जापान का एक बेहद लोकप्रिय बाल साहित्यकार या ऑथर-इलस्ट्रेटर कहा जाता है। उनका जन्म अगस्त 1945 में टोक्यो,जापान में हुआ। ये 400 से अधिक पुस्तकें लिख तथा उनका चित्रांकन कर चुके हैं। इनकी किताबों का दुनिया की 30 से अधिक भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। इनकी अत्यंत लोकप्रिय रचनाएं ‘एवरीवन पूप्स’, ‘द गोल्डफिश गॉट अवे’ तथा ‘हाय,बटरफ्लाई’ बच्‍चों को खेल-खेल में जीवन की उपयोगी बातें सिखाती हैं।

ये बस कुछ उदाहरण हैं वैश्विक बाल साहित्य के वर्तमान ट्रेंड के. इन देशों के अलावा चीन, बांग्ला देश का बाल साहित्य भी कम उल्‍लेखनीय नहीं।

कहने का तात्पर्य यही है आज दुनिया भर में बच्चों को वही पसंद आ रहा है जिसमें उनकी कल्पना से बाहर की चीजें हैं। जो उनकी सोचने-विचारने की क्षमता को चुनौती देती है। इसमें एक तरफ अगर विज्ञान-कथाएं हैं तो दूसरी तरफ सुपर नैचुरल कथाएं भी हैं। आप बच्चों की रचनाओं को अगर आज अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाली, अवैज्ञानिक या अतार्किक कह कर खारिज कर रहे हैं और अपने नैतिकता, ज्ञान, उपदेश के मापदंडों की सीमा में रहते हुए रचनाएं पेश कर रहे हैं तो आप बच्चों को बाल साहित्य से विमुख कर रहे हैं।

बाल साहित्य की पुस्तक का पहला ध्येय है बच्चों का मनोरंजन। यह पाठ्यक्रम की पुस्तक नहीं है। मेरी राय में बाल साहित्य का पहला उद्देश्य होना चाहिए-बच्चों को अपनी तरफ आकर्षित करना। फिर उसे ऐसा कुछ सुनाना, दिखाना या पढ़ाना जो उसमें कौतूहल पैदा करे। जो उसकी कल्पना शक्ति को विस्तार प्रदान करे। उसे भी नई-नई कल्पनाएं करने के लिए उत्साहित करे। जादू-रहस्य-रोमांच की कहानियां कभी आउटडेटेड हो ही नहीं सकती। नेटफ्लिक्स पर बच्चों की एक बहुत ही लोकप्रिय सिरीज देखी थी। पूरे 12 सीजन्स तक उसने बाल पाठकों का ही नहीं बड़ों का भी मनोरंजन किया था। उसमें बाल साहित्य के अमर किरदारों को आज के दौर में अपनी नई भूमिकाओं में दिखाया गया था। उसमें एक जगह फ्रैंक्सेटाइन, जादूगरनी बुरी रानी यानी इविल क्वीन से कहता है अब तुम्हारे डरने के दिन आ गये हैं क्योंकि अब जादूगिरी से भी एक बड़ी चीज आ रही है उसका नाम है साइंस। जादू जहां खत्म होता है वहां से विज्ञान शुरू होता है। कहिए, है ना कमाल का संदेश। दरअसल, हमें मान लेना चाहिए कि जादू की कहानियां बच्चों की कल्पना शक्ति को बढ़ाकर उन्हें विज्ञान के दृष्टिकोण की तरफ ले जाती है। आज लेखकों को, खासतौर से हिन्दी बाल साहित्य के लेखकों को नए दौर के बच्चों की समझदारी पर भरोसा करना होगा। इंटेलिजेन्ट बच्चों के लिए इंटेलिजेन्ट साहित्य रचना होगा। और यह तभी संभव होगा जब हिन्दी के बाल साहित्यकार इस तथ्य से अवगत होंगे कि आज दुनिया भर में कैसा बाल साहित्य लिखा जा रहा है। उन्हें माध्यम,मंच तथा मार्केट को ध्यान में रखकर अपनी सोच के दायरे को बढ़ाना होगा। बेशक, हिन्दी के बाल साहित्यकारों से अपेक्षा की जाती है कि वे अन्य भारतीय तथा विदेशी भाषाओं के बाल साहित्य को पढ़कर ही आकलन करें कि आज का हिन्दी का बाल साहित्य कैसा है।

301, वास्तु रिद्धि, ए-विंग, पंपहाउस,

अंधेरी (पूर्व), मुंबई-400093.

मोबाइल : 9819424390.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *